सहारनपुर , फरवरी 18 -- सहारनपुर में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने किसानों की शिकायतों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश देते हुए जनपद में शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री कराने पर जोर दिया और किसानों को इसके लाभों से अवगत कराने को कहा।
किसान दिवस में शुगर मिलों, उर्वरक-कीटनाशक, अवैध कब्जे, सड़क और मुआवजा से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने उप निदेशक कृषि को निर्देशित किया कि संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर इनका शीघ्र समाधान कराया जाए। किसानों ने मधुमक्खी पालन की संभावनाओं पर भी सुझाव दिए, जिसे अतिरिक्त आय का साधन बताया गया।
उप कृषि निदेशक संदीप पाल ने जानकारी दी कि जनपद में जायद उर्द, मूंग और गन्ना अन्तःफसली की बुवाई के लिये निःशुल्क बीज मिनीकिट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही विकासखंड सढ़ौली कदीम, नागल, बलियाखेड़ी और नकुड़ में चार थ्रेसिंग फ्लोर के लिए कृषक उत्पादक संगठनों द्वारा कृषि विभाग पोर्टल पर एक सप्ताह के भीतर ऑनलाइन बुकिंग करने को कहा गया।
किसानों को यह भी सलाह दी गई कि गेहूं विक्रय के लिए खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण/नवीनीकरण अवश्य कराएं। कार्यक्रम में कृषि, सहकारिता, बैंकिंग व अन्य विभागों के अधिकारी, किसान संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कृषक बंधु उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित