कोलकाता , फरवरी 13 -- पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले की पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त कर एक स्थानीय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार गुरुवार रात साहेबगंज से प्रतिबंधित कफ सिरप 'फेंसेडिल' की 79 बोतलें बरामद की गईं। इस मामले में गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सिताई नामक इलाके के निवासी सुकुमार बर्मन के रूप में हुई है।

स्थानीय सूत्रों और राजनीतिक हलकों में इस गिरफ्तारी ने इसलिए तूल पकड़ लिया है क्योंकि सुकुमार बर्मन सिताई विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मंडल क्रमांक-1 के अध्यक्ष बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद कूचबिहार जिले में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी और राजनीतिक युद्ध शुरू हो गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित