भोपाल , फरवरी 3 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कुसुम योजनाओं में किसानों की बढ़ती रुचि से मध्यप्रदेश नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में आदर्श राज्य के रूप में उभरेगा। उन्होंने मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम के लाभ की स्थिति में आने पर बधाई देते हुए इसे राज्य की ऊर्जा नीतियों की सफलता बताया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक से पूर्व नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने 4 करोड़ 39 लाख रुपए के लाभांश का चैक सौंपा। इस अवसर पर बताया गया कि मुख्यमंत्री की नीतियों और किसानों की सक्रिय भागीदारी के परिणामस्वरूप मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम पिछले दो वर्षों में लाभ की स्थिति में आया है। वर्ष 1982 में स्थापना के बाद यह पहला अवसर है जब निगम को लाभ प्राप्त हुआ है।

मंत्री श्री शुक्ला ने बताया कि कुसुम योजनाओं में किसानों की बड़ी भागीदारी के चलते पिछले तीन वर्षों में निगम को 41 करोड़ रुपए की आय हुई है। निगम के लाभ में शासन का अंश 20 प्रतिशत है, जिसमें से 10 प्रतिशत अर्थात 4.39 करोड़ रुपए का चैक सौंपा गया है, शेष राशि बाद में प्रदान की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित