कोरबा , जनवरी 16 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में शुक्रवार को खदान के भीतर कार्य के दौरान हाइड्रोलिक मशीन का सिलेंडर अचानक फटने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के समय हाइड्रोलिक मशीन में कुल छह मजदूर कार्यरत थे। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान 23 वर्षीय संजय कुमार के रूप में हुई है, जो वाड्रफ नगर का निवासी था। संजय चार बहनों का इकलौता भाई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

हादसे में घायल दोनों मजदूरों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद खदान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया।

मृतक के परिजनों और अन्य मजदूरों ने ठेका कंपनी नीलकंठ पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा नियमों का पालन किया गया होता तो यह हादसा टल सकता था। परिजनों और मजदूर संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित