कुशीनगर , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान की तैयारी की है। इसके तहत लगभग 42 हजार किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 10,600 डोज प्राप्त हो चुकी हैं और इसी माह के अंत तक टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर दी जाएगी। यह वैक्सीन जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी।

यह अभियान 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए चलाया जाएगा। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाकर किशोरियों और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मुकेश यादव ने बताया कि यह वैक्सीन बाजार में महंगी है, लेकिन सरकारी स्तर पर इसे निःशुल्क लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि एचपीवी वायरस के कारण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का खतरा बढ़ता है, जिससे बचाव के लिए यह टीका अत्यंत प्रभावी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित