कुशीनगर , दिसम्बर 03 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के पकवाइनार चौराहा स्थित फोरलेन पर अनियंत्रित डंफर ने तीन लोगों की जान ले ली तो पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में डंफर सहित पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए है। वाहनों की भिड़ंत से धूल का इतना गुब्बार उठा कि कुछ देर के लिए किसी दुर्घटना खबर ही नहीं लगी।
धूल छटने के बाद खून से लथपथ घायलों और मृतक को देख लोगों का दिल दहल उठा।आनन-फानन सभी घायलों को सीएचसी लाया गया। चिकित्सकों ने तीन की मृत्यु की पुष्टि की है तो पांच गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया। पुलिस वाहनों को हटवाकर फोरलेन पर आवागमन बहाल कराने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार कसया थाना क्षेत्र में बुधवार को दिन के डेढ़ बजे एक खाली डंफर कुशीनगर से हेतिमपुर को तरफ जा रहा था। पकवाइनार चौराहा पर आगे चल रहे एक साइकिल सवार को रौंदने के बाद डंफर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए विपरीत लेन में घुसा तो सामने से आ रहे ई-रिक्शा, एक बाइक, कंटेनर (यूपी 32 आर एल 3424) एंव ट्रैक्टर ट्राली में भीषण भिड़ंत हो गई।
दुर्घटना में तीन की मरने की पुष्टि हुई है। जिसमें साईकिल सवार रामबिलास ऊर्फ साधु (60) निवासी पिपरी चौबे टोला ( कसया), अपाची बाईक सवार केशव राजभर ( 24) पुत्र रविन्द्र राजभर , चंदन राजभर (22) निवासी सहोदर पट्टी थाना महुअवां ( देवरिया) रहे। घायलों में रिक्शा पर सवार कसया के भैंसहा निवासी 42 वर्षीया शिवकुमारी देवी पत्नी निवासी भैसहां ,16 वर्षीया लक्ष्मी पटेल पुत्री हरिराम , 17 वर्षीया काजल पुत्री उपेन्द्र सिंह निवासी पकवाईनार, कसया के शामपुर हतवा निवासी ट्रैक्टर चालक अजय सिंह( 46) पुत्र चंद्रिका सिंह, सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। एकअन्य के बारे में नाम और पता जुटाने में पुलिस जुटी हुई है।
इस संबंध में कसया थानाध्यक्ष अभिनव मिश्र ने बताया कि तीन लोगों की मौत हुई है। आठ लोग घायल हुए है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित