कुशीनगर , फरवरी 13 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के कप्तानगंज कस्बे में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के भीतर चालक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान महाराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत गरवा खंडेलवाल निवासी ताहिर मोहम्मद अंसारी (38) के रूप में हुई है। वह बीते एक वर्ष से निचलौल निवासी राकेश का ट्रक चला रहा था। बताया गया कि सोमवार रात वह ट्रक लेकर वापस नहीं लौटा, जिसके बाद वाहन स्वामी ने जीपीएस के जरिए ट्रक की लोकेशन देखी। लोकेशन कप्तानगंज कस्बे के गणेश चौक के पास मिली, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।

शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक का केबिन खाली था, जबकि पीछे के हिस्से में ताहिर का शव मिला। घटनास्थल के पास एक कोल्ड ड्रिंक की बोतल भी बरामद हुई, जिसे फोरेंसिक टीम ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। परिस्थितियों को देखते हुए जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका जताई जा रही है।

थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित