कुशीनगर , जनवरी 31 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में कप्तानगंज-नरकटियागंज रेलवे मार्ग पर शनिवार सुबह कप्तानगंज नगर के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रहरी (58) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा कप्तानगंज रेलवे ढाला से लगभग 800 मीटर दूर आउटर सिग्नल के पास हुआ। मृतक अशोक अग्रहरी वर्ष 1995 में नगर पंचायत कप्तानगंज के अध्यक्ष चुने गए थे और लंबे समय से समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे थे। पिछले नगर निकाय चुनाव में उनकी पत्नी ऊषा देवी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली थी।
परिजनों के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब आठ बजे वह घर से यह कहकर निकले थे कि चौराहे तक जा रहे हैं। कुछ ही देर बाद उनके ट्रेन से कटने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रेलवे ट्रैक की ओर पहुंच गए। सूचना मिलने पर कप्तानगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित