कुशीनगर , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भिस्वां बाजार में गुरुवार को छुट्टा सांडों के हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार भिस्वां निवासी मल्लू (36) दोपहर बाद खेत देखने बगीचे की ओर गया था। इसी दौरान दर्जन भर से अधिक छुट्टा सांडों ने उस पर हमला कर दिया और पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक सांड भाग चुके थे। गंभीर रूप से घायल मल्लू की मौके पर ही मौत हो गई।

हमले में मिट्ठू यादव (58) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।

सूचना पर पहुंची हाटा कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल संजय दूबे ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और मामला छुट्टा पशुओं के हमले से जुड़ा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित