कुशीनगर , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में कहासुनी के बाद नाराज होकर घर से निकली महिला का शव 12 किमी दूर दुपट्टा के सहारे पेड़ से लटका मिला।
यह घटना नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह सामने आई। प्रारंभिक जांच पड़ताल में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार खेत की ओर गए खजुरी के कुछ लोग गांव स्थित कब्रिस्तान के समीप पेड़ से महिला का लटका शव देख पुलिस को सूचना दी। कुछ ही समय में प्रभारी निरीक्षक चंद्रभूषण प्रजापति पहुंचे। लोगों के सहयोग से शव को नीचे उतारा गया। शव पर किसी तरह के चोट आदि के निशान नहीं मिले। महिला के पास मिले आधार कार्ड से उनकी पहचान इसी थाना क्षेत्र के बभनौली गांव की 40 वर्ष की माया पत्नी निजामुद्दीन के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार सोमवार की शाम को घर में कहासुनी हुई थी। इसके बाद नाराज होकर माया घर से निकल गईं फिर उनका पता नहीं चला। स्वजन देर रात तक उनकी तलाश में लगे रहे पर सफलता नहीं मिली। जांच पड़ताल कर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित