नैनीताल , फरवरी 08 -- उत्तराखंड में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 दीवान सिंह रावत को आउट स्टैंडिंग वाइस चांसलर ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया है।

इंडिया एजुकेशन नेटवर्क की ओर से यह सम्मान नई दिल्ली में प्रदान किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रो0 रावत को यह सम्मान कुमाऊँ विश्वविद्यालय में किए गए नवाचारी प्रशासनिक सुधारों, अकादमिक सुदृढ़ीकरण तथा शोध उन्मुख वातावरण तथा संस्थागत सुशासन के लिए प्रदान किया गया। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने गुणवत्ता आधारित शिक्षा, शोध एवं नवाचार तथा डिजिटल प्रशासन तथा छात्र केन्द्रित नीतियों के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।

इस अवसर पर प्रो.रावत ने कहा कि वर्तमान समय में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है बल्कि उसे व्यावहारिक कौशल तथा नवाचार और उद्योग अनुकूल दक्षताओं से जोडऩा आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि उच्च शिक्षा संस्थानों की जिमेदारी है कि वे विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ कौशल, उद्यमिता और समस्या व समाधान की क्षमता से भी सशक्त करें जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और बदलते रोजगार परिदृश्य में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें।

विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस सफलता पर अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित