नयी दिल्ली , अप्रैल 07 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने आरोप लगाया है कि उनके पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार पर हुए हमले के आरोपियों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बचा रही है।

आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने श्री कुमार पर हुए हमले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार को एक बार फिर भाजपा की दिल्ली पुलिस पर हमला बोला। उन्होंने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से कहा कि दलित विधायक पर हमला करने वालों को पुलिस क्यों बचा रही है? उन्होंने सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए दिल्ली विधानसभा में घुसी एक कार के बाद पुलिस महकमे में मची हलचल पर कहा कि इस घटना के बाद वहां पुलिस आयुक्त तक पहुंच गए, लेकिन प्राथमिकी नहीं दर्ज की है।

उन्होंने कहा कि यह भाजपा शासित केंद्र सरकार के जातिगत भेदभाव का सबसे बड़ा उदाहरण है। कुछ दिन पहले दिल्ली में दिनदहाड़े एक दलित विधायक की गाड़ी पर हमला हुआ था। यह हमला पुलिस की पीसीआर कार की मौजूदगी में हुआ था। लेकिन दिल्ली पुलिस ने ठीक सामने लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने हमले की प्राथमिकी तक दर्ज नहीं की है। किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। दिल्ली पुलिस हमलावरों को बचाने की कोशिश क्यों कर रही है? वहीं, दिल्ली विधानसभा की हाई सिक्योरिटी को तोड़कर एक गाड़ी अंदर घुस गई तो वहां दिल्ली पुलिस कमिश्नर खुद दौरा कर रहे हैं।

इस बीच आप के कोंडली के विधायक एवं हमले के पीड़ित श्री कुमार ने एक्स पर कहा, "दिल्ली में मेरी गाड़ी पर हमला हुआ, पुलिस सामने खड़ी थी। सीसीटीवी होने के बावजूद फुटेज नहीं, प्राथमिकी नहीं, कोई गिरफ्तारी नहीं। क्या भाजपा सरकार में दलितों को न्याय मिलना बंद हो गया है?या फिर अपराधियों को खुली छूट है? क्या दिल्ली पुलिस आयुक्त दिल्ली पुलिस अब जाति और पार्टी देखकर काम कर रही है !उल्लेखनीय है कि बीते 23 मार्च को मधु विहार स्थित सिंगला स्वीट्स के सामने आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार के ऊपर हमला हुआ था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित