कुरुक्षेत्र , जनवरी 12 -- हरियाणा में कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर स्थित पंजाबी धर्मशाला में 13 से 22 जनवरी तक आयोजित होने वाले कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान हरियाणा कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर अहम फैसला लिए जाने की संभावना है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह सोमवार को इस दिशा में सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं और कार्यकारिणी में शामिल किए जाने वाले नेताओं की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ होने वाली बैठक में यह सूची कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। उनकी सहमति के बाद ही कार्यकारिणी को अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि संगठनात्मक मजबूती के लिए संतुलित और अनुभवी टीम का गठन किया जा रहा है और इसकी घोषणा किसी भी समय की जा सकती है।

गौरतलब है कि करीब 11 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हरियाणा कांग्रेस ने जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली है। पार्टी ने 22 जिला अध्यक्षों समेत कुल 32 जिलों और शहरी इकाइयों के अध्यक्षों की घोषणा की है। अब अगला कदम जिला कार्यकारिणियों के गठन का है, जिससे पार्टी का संगठनात्मक ढांचा जमीनी स्तर तक पूरी तरह सक्रिय हो सके।

कांग्रेस का यह प्रशिक्षण शिविर संगठन को आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए तैयार करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें संगठनात्मक रणनीति, चुनाव प्रबंधन और जनसंपर्क को लेकर मंथन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित