चंडीगढ़, नवंबर 24 (वार्ता) सिख परंपरा में 'हिंद की चादर' के रूप में सम्मानित नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत दिवस पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे।
हरियाणा सरकार की ओर से ज्योतिसर में आयोजित राज्य स्तरीय विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री हिस्सा लेंगे। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तित्व भी उपस्थित रहेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी कल ज्योतिसर में बने महाभारत अनुभव केंद्र का उद्घाटन करेंगे और अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के तहत पवित्र ब्रह्म सरोवर पर आयोजित भव्य महाआरती में भी शामिल होंगे। यह आयोजन हरियाणा की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने का प्रयास माना जा रहा है।
गुरु तेग बहादुर जी ने औरंगजेब के धार्मिक अत्याचारों के खिलाफ लड़ाई में धर्म और मानवता की रक्षा के लिए प्राण न्यौछावर किए थे। उनके साथ शहीद हुए भक्तों भाई मती दास जी, भाई सती दास जी और भाई दयाला जी की शहादत भी इतिहास में मानव धर्म की मिसाल है। कुरुक्षेत्र इसलिए भी विशेष माना जाता है क्योंकि यहां आठ सिख गुरुओं का आगमन हुआ था और प्रदेश में लगभग 28 ऐतिहासिक गुरुद्वारे उनके पावन स्मरणों को संजोए हुए हैं। एक नवंबर 2025 से पूरे हरियाणा में गुरु तेग बहादुर जी की स्मृति में विभिन्न धार्मिक यात्राएं और कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री सैनी ने ब्रह्म सरोवर और पुरुषोत्तम बाग परिसर में तैयारियों का निरीक्षण किया था। उन्होंने सुरक्षा और आगंतुक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में लगाए गए विदेशी स्टॉलों पर भी उन्होंने प्रतिनिधियों से मुलाकात की।
महाभारत अनुभव केंद्र पर्यटन मंत्रालय की 'स्वदेश दर्शन' योजना के तहत लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। यहां महाभारत की कहानी, दर्शन, इतिहास और वैज्ञानिक पहलुओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इसी परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के पंचजन्य शंख को समर्पित स्मारक भी बनाया गया है, जो धर्म और सत्य की विजय का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री की उपस्थिति में ब्रह्म सरोवर पर होने वाली आरती, वैदिक मंत्रों और दीपों की जगमगाहट के बीच, कुरुक्षेत्र की आध्यात्मिक महिमा को वैश्विक मंच पर और अधिक प्रखर करने का अवसर बनेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित