जयपुर , मार्च 31 -- राजस्थान के देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2025-26 के तहत मंगलवार को जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम-मदुरै के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्री कुमावत ने वरिष्ठजनों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि बजट घोषणा-2025-26 की यह अंतिम ट्रेन थी। इसमें जयपुर, कोटा एवं भरतपुर संभाग के 990 वरिष्ठजन रामेश्वरम-मदुरै के लिए रवाना हुए। दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से 400 यात्री, जबकि सवाईमाधोपुर से 120 एवं कोटा रेलवे स्टेशन से 470 यात्री इस ट्रेन में सवार हुए। यह ट्रेन दो अप्रैल को रामेश्वरम पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव रामेश्वरम में एक दिन का होगा। यहां पर सभी श्रद्धालुओं को चार धाम में से एक एवं देश के मुख्य रामनाथ स्वामी मंदिर, ज्योर्तिलिंग एवं मणि दर्शन कराए जाएंगे। साथ ही धनुषकोड़ि में रामसेतु के पानी में तैरते हुए पत्थरों के भी दर्शन कराए जाएंगे। इसके अलावा रामेश्वरम के निकटतम दर्शनिक स्थल भी दिखाए जाएंगे। अगले दिन सभी यात्रियों को ट्रेन से मदुरई लाया जाएगा जहां उन्हें मीनाश्री मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। मदुरै के बाद ट्रेन पुन: रवाना होकर सात अप्रेल को जयपुर पहुंचेगी।

श्री कुमावत ने बताया कि बजट घोषणा-2025-26 के तहत इस बार इस मार्च तक तक 56 ट्रेनों के जरिए 50 हजार वरिष्ठजनों को देशभर के तीर्थस्थलों की यात्रा कराई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि इसी तरह 83 फ्लाइटस के जरिए 6 हजार वरिष्ठजनों को काठमांडु, नेपाल के पशुपतिनाथ के दर्शन कराए जा चुके हैं। अब वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं अन्य तैयारियों को लेकर विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित