जयपुर , दिसंबर 29 -- राजस्थान के पशुपालन एवं डेयरी, गोपालन और देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत और राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण राज्य मंत्री विजय चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण के निर्देश दिये। श्री कुमावत ने कार्यकर्ता सुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ता सुनवाई शुरू करने का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि सुनवाई के दौरान प्रारंभिक रूप से पशुपालन विभाग से जुड़ी समस्याओं के साथ बिजली और पानी से संबंधित मुद्दे सामने आये, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही करने के निर्देश दिये गये, जहां आवश्यकता थी, संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखने के निर्देश भी दिये गये।
उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार राजस्थान को विकसित प्रदेश बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उनकी समस्याओं की सुनवाई को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में सुशासन स्थापित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। मंत्रीगण अपने निवास स्थानों पर जनसुनवाई कर रहे हैं और अब पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के लिए मंत्रियों की सुनवाई की व्यवस्था की गयी है। इससे पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान और महत्व मिलेगा तथा संगठन और अधिक सशक्त होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित