हरिद्वार, जनवरी 31 -- त्तराखंड के हरिद्वार शहर में कुत्तों (डॉग) से संबंधित समस्याओं के त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से नगर निगम ने शनिवार को एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से स्ट्रीट डॉग मैनेजमेंट, एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सहित कुत्तों से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी।
नगर निगम द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 9568844151 हेल्पलाइन नंबर पर प्राप्त शिकायतों पर नगर निगम हरिद्वार की अनुबंधित संस्था एचएसआई (ह्यूमन सोसायटी इंटरनेशनल) द्वारा कार्रवाई की जाएगी। शिकायत दर्ज कराते समय शिकायत का प्रकार, पूरा पता एवं संपर्क विवरण देना अनिवार्य होगा, जिससे मौके पर पहुंचकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
शिकायत प्राप्त होने पर एचएसआई की टीम पहले फोन कॉल के माध्यम से शिकायत की पुष्टि करेगी, इसके उपरांत फील्ड में जाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा शिकायतकर्ता को समाधान की स्थिति से अवगत कराया जाएगा।
इस व्यवस्था के सुचारु संचालन हेतु नगर निगम हरिद्वार में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर सिंह तलियान को नोडल अधिकारी तथा मुख्य सेनेटरी इंस्पेक्टर श्रीकांत चौधरी को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
इस संबंध में नगर आयुक्त नंदन कुमार (आईएएस) ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य कुत्तों से जुड़ी समस्याओं का समाधान पूरी तरह मानवीय, वैज्ञानिक एवं समयबद्ध तरीके से करना है। हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए एबीसी कार्यक्रम सहित सभी आवश्यक कार्यवाहियां सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे निर्धारित हेल्पलाइन नंबर पर ही अपनी शिकायतें दर्ज कराएं।
नगर निगम प्रशासन ने यह भी जानकारी दी कि शिकायत निस्तारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शीघ्र ही नगर निगम एवं एचएसआई के संयुक्त तत्वावधान में कम्प्लेंट मैनेजमेंट वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि कुत्तों से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान हेतु सीधे हेल्पलाइन नंबर का उपयोग करें, ताकि शहर में सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं मानवीय डॉग मैनेजमेंट सुनिश्चित किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित