पटना, 20मार्च (वार्ता) बिहार में जमुई जिले के सिकंदरा प्रखंड में स्थित बहुआरा नदी पर चल रहे कुंडा घाट जलाशय परियोजना का निर्माण कार्य 31 मार्च तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इस परियोजना से सिकंदरा प्रखंड के 2035 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की क्षमता सृजित होगी। इसका कार्य करीब 95 फीसदी तक पूर्ण कर लिया गया है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार के आदेश पर जल संसाधन विभाग ने बिहार में सिंचाई अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए कई परियोजनाएं शुरू की है, जिसमें जमुई जिले के बहुआरा नदी पर निर्माण किये जा रहे कुंडाघाट जलाशय परियोजना भी शामिल है। इसका निर्माण करीब 270.3147 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने के बाद यह परियोजना क्षेत्रीय जल प्रबंधन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
जल संसाधन विभाग के अनुसार इस परियोजना के तहत 300 मीटर लंबा मिट्टी बांध, गेटेड स्पीलवे, आरसीसी बॉक्स आउटलेट और डैम से निःसृत वितरण प्रणालियों का निर्माण कराया जा रहा है।
विभाग ने इस योजना को पूर्ण करने का लक्ष्य मार्च 2026 निर्धारित किया है। इसका कार्य अंतिम चरण में है। बताया जाता है कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद सिकंदरा प्रखंड में स्थाई सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने के साथ ही किसानों को समय पर जल की आपूर्ति होगी, जिससे फसल उत्पादकता में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
जल संसाधन विभाग राज्य में दीर्घकालिक जल प्रबंधन, सिंचाई क्षमता विस्तार और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कुण्डघाट जलाशय परियोजना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजना के रूप में विकसित की जा रही है, जो क्षेत्रीय कृषि विकास को नई गति प्रदान करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित