बारां , अप्रैल 27 -- राजस्थान में बारां जिले में नशीले पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन वज्र प्रहार" के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात तस्कर विशाल सासी और उसके पिता बलवीर उर्फ बल्लू सासनी की अवैध संपत्ति को फ्रीज कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने सोमवार को बताया कि छबड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों द्वारा अवैध रूप से अर्जित चल-अचल संपत्तियों पर शिकंजा कसा है। इसमें एक मकान, जमीन, कार, मोटरसाइकिल और स्कूटी शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 10 लाख रुपए है।

उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत कुल सात मामले दर्ज हैं। पूर्व में इनके कब्जे से 24 किलो 308 ग्राम गांजा भी जब्त किया जा चुका है। अवैध कमाई को संपत्ति में निवेश करने के साक्ष्य मिलने पर आर्थिक जांच कर कार्रवाई की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित