श्रीगंगानगर , अप्रैल 16 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में सदर थाना क्षेत्र के उद्योग विहार क्षेत्र में सूरतगढ़ बाईपास पर गुरुवार तड़के पुलिस के साथ एक कथित मुठभेड़ में कुख्यात गैंगस्टर लोंरेंस बिश्नोई का एक गुर्गा घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि घायल बदमाश संजीव को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं जो श्रीगंगानगर जिले में ही पाकिस्तान सीमा पर स्थित हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। यह कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई आरजू बिश्नोई के लिए रंगदारी वसूलने और रंगदारी के लिए फायरिंग करने की घटनाओं को अंजाम देता था।

इसने ऐसी श्रीगंगानगर में दो वारदातें की है और वह तड़के लगभग चार बजे वह हनुमानगढ़-सूरतगढ़ बाईपास पर जा रहा था। इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस टीम को शक हुआ और उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने कथित रूप से पुलिस पर फायरिंग कर दी। उसके द्वारा किया गया फायर पुलिस की जीप में लगा। जवाबी फायरिंग में वह गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि संजीव श्रीगंगानगर में किसी से रंगदारी वसूलने अथवा फायरिंग की कोई घटना अंजाम देने के लिए आया था। मौके पर से पुलिस को एक पिस्तौल तथा कुछ कारतूस तथा चले हुए कारतूस के खोल मिले हैं। इस संबंध में सदर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित