बैतूल , जनवरी 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई तहसील के मासोद निवासी 20 वर्षीय युवक राज राजपूत का शव बुधवार को रगड़ गांव के एक खेत में स्थित कुएं से बरामद किया गया। युवक मंगलवार दोपहर से लापता था। शव मिलने की खबर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मासोद चौकी प्रभारी एस. राजपूत के अनुसार राज राजपूत मंगलवार दोपहर मासोद से निकला था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों द्वारा तलाश के दौरान जानकारी मिली कि वह रगड़ गांव की ओर किसी व्यक्ति के साथ गया था। इसी बीच रगड़ गांव निवासी इमरान कुमरे को अपने खेत के कुएं के पास एक मोबाइल फोन पड़ा मिला।

मंगलवार रात मासोद से युवक की तलाश करते हुए लोग रगड़ गांव पहुंचे। मोबाइल चालू कर कॉल रिसीव करने पर कुएं के पास मोबाइल मिलने की पुष्टि हुई। इसके बाद कुएं में झांककर देखने पर एक शव दिखाई दिया। बुधवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही एफएसएल टीम, एसडीओपी मुलताई, थाना प्रभारी मुलताई, चौकी प्रभारी मासोद रनवीर सिंह राजपूत तथा एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान राज राजपूत के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर फिलहाल कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित