हरिद्वार , मई 04 -- उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार कुंभ मेला-2027 को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रतिबद्व है।

श्री कैड़ा ने आज हरिद्वार पहुंचकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने मेला नियंत्रण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में अवस्थापना विकास, निर्माणाधीन परियोजनाएं, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, घाटों का सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर विभागवार समीक्षा की गई।

श्री कैड़ा ने स्पष्ट कहा कि कुंभ मेला राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इससे जुड़े प्रत्येक कार्य को तय समयसीमा के भीतर पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार हरिद्वार कुंभ को ऐतिहासिक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कुंभ मेले को उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और प्रशासनिक क्षमता का प्रतीक बताते हुए कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता ऐसी होनी चाहिए, जिससे भविष्य में भी स्थानीय जनता और श्रद्धालुओं को लाभ मिलता रहे। इसके लिए दीर्घकालिक उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।

बैठक में आगामी मानसून को देखते हुए कार्यों की गति तेज करने पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि सभी विभाग मौसम संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखकर कार्ययोजना बनाएं और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने पार्किंग, यातायात संचालन, शौचालयों की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान सीसीआर-2 भवन सहित सड़क, पुल और घाटों से जुड़े कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने सभी निर्माण स्थलों पर पर्याप्त संसाधन, मशीनरी और स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि सभी कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जा सके। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित