लखनऊ , अक्टूबर 6 -- गोंडा के सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह सोमवार को 165 वर्ष पुराने अंजुमन-ए-हिंद, अवध परिवार (पुराना नाम ब्रिटिश इंडिया एसोसिएशन) के अध्यक्ष पद के लिए हुये चुनाव में निर्वाचित घोषित किये गए हैं।
चुनाव में मनकापुर और बलरामपुर के राजपरिवार आमने-सामने थे। चुनाव में कीर्तिवर्धन सिंह ने बलरामपुर के राजपरिवार के जयेंद्र प्रताप सिंह को 130 मतों के बड़े अंतर से हरा दिया। सोमवार सुबह नौ बजे से लखनऊ के कैसरबाग के सफेद बारादरी में शुरू हुई वोटिंग शाम चार बजे तक चली। इस दौरान कुल 236 वोट पड़े। शाम पांच बजे के बाद घोषित नतीजे में कीर्तिवर्धन सिंह को 183 और बलरामपुर राजपरिवार के जयेंद्र प्रताप सिंह को 53 वोट मिले।
चुनाव में योगी सरकार में मंत्री और तिलोई के राजा मयंकेश्वर शरण सिंह ने भी वोट डाला। राज्यसभा सांसद संजय सेठ ने भी वोटिंग की। पूर्व सांसद रानी रत्ना सिंह ने भी वोट डाला। तकरीबन 165 वर्ष पुराने अंजुमन-ए-हिंद, अवध परिवार (पुराना नाम ब्रिटिश इंडिया एसोसिएशन) के मतदाताओं में कुल 322 पूर्व राजपरिवार और तालुकेदार शामिल हैं।
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के पिता 28 वर्षों तक इस संस्था के अध्यक्ष पर रहे हैं। इसी साल उनके निधन के बाद से अध्यक्ष का पद खाली चल रहा था। 165 साल पुरानी इस संस्था का को अंजुमन-ए-हिंद के नाम से भी जाना जाता है। 1860 में स्थापना के समय इसका नाम ब्रिटिश इंडिया एसोसिएशन था। इसमें अवध के 14 जिलों के राजा और तालुकेदार आते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित