उज्जैन , दिसंबर 04 -- मध्यप्रदेश भारतीय किसान संघ ने उज्जैन के सिंहस्थ क्षेत्र से लैंड पुलिंग कानून निरस्त करने की मांग को लेकर इस माह के अंतिम सप्ताह में बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने बताया कि संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की बुधवार को ऑनलाइन माध्यम से बैठक आयोजित की गई। इसमें किसान संघ के अखिल भारतीय स्तर के अधिकारी भी शामिल हुए। उन्होंने बैठक में हुए निर्णय की जानकारी देते बताया कि सिंहस्थ क्षेत्र से लैंड पुलिंग कानून सरकार तत्काल निरस्त करने की मांग की और इसका गजट नोटिफिकेशन सरकार जारी करे, किसानों पर दर्ज मुकदमे वापिस करे, टीडीएस की धारा 8/9/10/11 के गजट नोटिफिकेशन रदद हों और सिंहस्थ क्षेत्र में स्थाई निर्माण न किया जाए।
संघ के अध्यक्ष श्री आंजना ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सात दिन के भीतर यदि सरकार ये मांगे नहीं मानती है तो भारतीय किसान संघ लैंड पुलिंग कानून के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगा, जिसमें प्रदेश भर से हजारों किसान उज्जैन आयेंगे, जिसकी तिथि शीघ्र घोषित होगी। बैठक में सभी प्रांतों के अध्यक्ष, महामंत्री व संगठन मंत्री को आंदोलन की तैयारी के लिए प्रांत, जिला, तहसील, ग्राम समिति में बैठके आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि सरकार व प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत के बाद मुख्यमंत्री ने लैंड पुलिंग कानून को निरस्त करने की घोषणा की थी, लेकिन आदेश संशोधन का निकाला गया। इस संशोधन आदेश के पीछे प्रशासनिक अधिकारियों की मंशा क्या है। इसके पीछे सिंहस्थ आयोजन की तैयारी में लगे अधिकारियों के कौन से अपने निजी हित हैं। यह स्पष्ट होना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित