चंडीगढ़ , मार्च 21 -- पंजाब की विभिन्न किसान यूनियनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को पंजाब भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ से मुलाकात की और अपनी मांगों के संबंध में एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
इस प्रतिनिधिमंडल में हरमीत सिंह कादियां (बीकेयू कादियां), फुरमान सिंह संधू (बीकेयू पंजाब), जंगवीर सिंह चौहान (दोआबा किसान कमेटी पंजाब), बलविंदर सिंह मल्ली नांगल (दोआबा किसान संघर्ष कमेटी), बलविंदर सिंह राजू औलख (माझा किसान संघर्ष कमेटी), मलूक सिंह हीरके (बीकेयू मालवा हीरके) और कुलदीप सिंह बलजीदपुर (दोआबा किसान यूनियन पंजाब) शामिल थे।
अपने ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख मांगें उठायीं, जिनमें रिपेरियन सिद्धांत के आधार पर पंजाब के दरियाई पानी के मुद्दे का समाधान, किसानों को कर्जमुक्त करना, फसलों के लिए एमएसपी और भावांतर योजना लागू करना और किसान आयोग और सामान्य श्रेणी आयोग का गठन करना शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने पंजाब की नौकरियों में पंजाबियों को प्राथमिकता देने, गन्ने के बकाया का समय पर भुगतान करने, नशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मिलावटी दूध की जांच के लिए मोबाइल प्रयोगशालायें शुरू करने की मांग की। किसान नेताओं ने भाजपा से आग्रह किया कि इन मांगों को आगामी चुनावी घोषणा पत्र (मेनिफेस्टो) में शामिल किया जाए और पंजाब के मुद्दों का जल्द से जल्द समाधान किया जाये।
श्री जाखड़ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि किसानों की जायज मांगों को पार्टी के मंच पर उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित