चंडीगढ़ , नवंबर 26 -- पंजाब के किसान बुधवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-43 स्थित दशहरा ग्राउंड में आंदोलन की पांचवीं वर्षगांठ मनाने के लिए एकत्र हुए हैं।
छब्बीस नवंबर 2020 को किसानों ने दिल्ली की ओर कूच किया था, और उसी की याद में 26 नवंबर 2025 को यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सुबह से ही पंजाब के विभिन्न जिलों से किसानों का चंडीगढ़ पहुंचना जारी है।
किसान नेताओं ने कहा कि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और आज सिर्फ उद्बोधनों के माध्यम से आंदोलन की वर्तमान स्थिति और भविष्य की दिशा पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि 28 नवंबर को कुछ बड़े एलान किये जा सकते हैं।
रैली के लिए प्रशासन ने दोपहर 12 बजे से अपराह्न तीन बजे तक का समय निर्धारित किया है। इस दौरान पंजाब से भारी संख्या में किसान रैली स्थल पर पहुंच रहे हैं और कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
रैली स्थल पर किसानों की ओर से बड़े स्तर पर तैयारियां की गयी हैं। मंच, साउंड सिस्टम और बैठने की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा चुका है। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने 3,000 जवान तैनात किये हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पंजाब से आने वाले किसानों को रोकने के लिए बॉर्डर पर कोई बैरिकेडिंग या विशेष रोक-टोक नहीं की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित