चंडीगढ़ , अप्रैल 06 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि गेहूं खरीद सीजन के दौरान किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और इसके लिए राज्य की सभी मंडियां चौबीसों घंटे, सातों दिन खुली रहेंगी।

श्री राणा ने थानेसर अनाज मंडी में मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि सरकार का लक्ष्य खरीद प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाना है। मंडियों में गेट पास और बिक्री प्रक्रिया भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसानों की फसल का एक-एक दाना न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदा जाएगा और किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि गेहूं की आवक, उठान, परिवहन और मंडियों में बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर मंत्री और विधायक लगातार मंडियों का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि पोर्टल या अन्य तकनीकी दिक्कतों से किसानों को परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ-साथ पारंपरिक साधनों जैसे बैलगाड़ी से भी मंडीमें ला सकते हैं। यदि ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं है, तो पंजीकरण संख्या को पेंट, कागज या स्टिकर के माध्यम से प्रदर्शित किया जा सकता है। 'मेरी फसल मेरा ब्योरा' पोर्टल पर पंजीकरण के बाद किसान या अधिकतम तीन नामित व्यक्ति ही फसल बेच सकेंगे। उनकी पहचान बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से की जाएगी। मंत्री नेकहा कि यह व्यवस्था किसानों को सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लागू की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित