जयपुर , जनवरी 30 -- राजस्थान के सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने शुक्रवार को विधानसभा में जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र की कोटड़ी सहित अन्य सहकारी समिति द्वारा किसानों के मुआवजे की राशि संबंधी विषय पर नियमानुसार कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया।
श्री दक प्रश्नकाल में विधायक गोपीचन्द मीणा के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र में 58 ग्राम सेवा सहकारी समितियां (38 जहाजपुर एवं 20 कोटड़ी) पंजीकृत हैं। इनमें ग्राम सेवा सहकारी समितियों के कुल 78 भवन एवं गोदाम हैं, जिनमें से 70 भवन एवं गोदाम उपयोगी हैं।
इससे पहले श्री मीणा के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में श्री दक ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र जहाजपुर में कोटड़ी तथा जहाजपुर क्रय विक्रय सहकारी समिति तथा 58 ग्राम सेवा सहकारी समितयां पंजीकृत है। इन सभी पंजीकृत सहकारी समितियों के पास स्वयं के भवन एवं गोदाम हैं। उन्होंने बताया कि समितियों के पास नियमानुसार वैध स्वामित्व वाली भूमि की उपलब्धता होने एवं नियमानुसार संबंधित प्रबंध निदेशक, केन्द्रीय सहकारी बैंक/उप रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां की अनुशंषा सहित प्रस्ताव प्राप्त होने पर उपलब्ध बजट के आधार पर गोदाम निर्माण की स्वीकृति पर विचार किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित