दरभंगा , अप्रैल 06 -- बिहार में दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने सोमवार को कहा कि किसानों के खेत तक सिंचाई की सुविधा पहुंचाना संबंधित विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
श्री राय ने आज प्रमंडलीय सभागार में जल संसाधन विभाग एवं जिला में सिंचाई सृजन को लेकर आयोजित विस्तृत समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए सभी अधीक्षण अभियंताओं को नहरों (कैनाल) की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नहरों में जहां भी किसी प्रकार की समस्या हो, उसकी त्वरित मरम्मती करायी जाये जिससे प्रत्येक खेत तक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
आयुक्त श्री राय ने नहर निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की तथा संबंधित अभियंताओं को कार्यों का सतत निरीक्षण करने का आदेश दिया।उन्होंने बैठक में सिंचित एवं असिंचित भूमि के अद्यतन आंकड़ों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया, जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा सके।
जल संसाधन विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए तीनों जिलों के बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अधीक्षण अभियंताओं को सभी योजनाओं का योजना-वार प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
श्री राय ने बाढ़ की संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि तटबंधों एवं बांधों की नियमित जांच के लिए टीम गठित की जाए। विशेष रूप से तटबंधों में किसी प्रकार के छेद (होल) की पहचान कर समय पर मरम्मत सुनिश्चित की जाए,जिससे बाढ़ के दौरान किसी भी प्रकार की क्षति न हो सके।
श्री राय ने सभी तैयारियां बाढ़ से पूर्व पूर्ण करने को कहा तथा अधीक्षण अभियंताओं को स्वयं स्थल निरीक्षण करने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित