एमसीबी , फरवरी 04 -- विश्व कैंसर दिवस पर जिले में किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं कैंसर रोकथाम को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत 01 से 10 फरवरी तक चल रहे अभियान के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल छिपछिपी में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
जिला पीआरओ से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार,जिला कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को कैंसर के कारणों, लक्षणों, रोकथाम एवं समय पर उपचार के महत्व से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में बताया गया कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या तथा नशीले पदार्थों से दूरी अपनाकर गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। बालिकाओं को समाज में नशा विरोधी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। एनीमिया की रोकथाम तथा स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली पर भी चर्चा की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित