जालंधर , जनवरी 23 -- पंजाब में जालंधर ग्रामीण पुलिस ने शुक्रवार को सेंट सोल्जर कॉलेज के छात्र चुनाव के दौरान किशनगढ़ पेट्रोल पंप पर हुई फायरिंग के दूसरे मुख्य शूटर को, आदमपुर पुलिस स्टेशन के इलाके में एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि इस संबंध में, पुलिस थाना आदमपुर में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। उन्होंने कहा कि पुलिस उपाधीक्षक राजीव कुमार, उपाधीक्षक आदमपुर और इंस्पेक्टर रविंदरपाल सिंह, एसएचओ आदमपुर की देखरेख में पुलिस टीमें बनायी गयीं थी। आरोपी की मौजूदगी के बारे में जानकारी मिलने पर, सहायक उप निरीक्षक परमजीत सिंह, प्रभारी पुलिस पोस्ट अलवालपुर और सहायक उप निरीक्षक कुलदीप सिंह, प्रभारी पुलिस चौकी जंधू सिंघा के नेतृत्व में एक पुलिस टीम अलवालपुर के पास जगरावां पिंड की तरफ इलाके में तलाशी अभियान चला रही थी। सर्च के दौरान, संदिग्ध को रोका गया। आरोपी ने पुलिस दल पर गोलीबारी कर दी। आत्मरक्षा में, पुलिस दल ने जवाबी फायरिंग की। फायरिंग के दौरान, आरोपी को उसके दाहिने हाथ में गोली लगी। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान लवप्रीत सिंह उर्फ लोवी, पुत्र अमरिक सिंह, निवासी भुल्थ के रूप में हुई है। उसके पास से एक पिस्तौल, तीन कारतूस, कारतूस के दो खोल और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित