पटना , फरवरी 17 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को किशनगंज जिले में जिला खनन कार्यालय का लिपिक और परिचारी को रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि किशनगंज जिला निवासी और परिवादी हबीब आलम ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि लिपिक अशोक कुमार चौधरी के द्वारा खनन विभाग द्वारा पकड़े गये ट्रैक्टर का रिलिज आर्डर निकालने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी एवं इनके कार्यालय के परिचारी सरोज कुमार सिंह द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्ट्या आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता आसिफ इकबाल मेहदी के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।

सूत्रों ने बताया कि धावादल ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अशोक कुमार चौधरी को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते हुए जिला खनन कार्यालय, किशनगंज के पास से एवं सरोज कुमार सिंह को सात हजार रूपये रिश्वत लेते हुए डुमरिया मोड़, किशानगंज स्थित चाय की दुकान से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों से पूछताछ के बाद उन्हें भागलपुर निगरारी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित