किशनगंज , फरवरी 04 -- बिहार में किशनगंज शहर के तेघरिया स्थित रेलवे क्रॉसिंग के समीप बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस ने मवेशी से लदे दो ट्रकों को पकड़ा है।

इस मामले में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस मवेशी से लदे दोनों ट्रकों को जप्त कर थाने लेकर गई। दोनों ट्रकों में 52 भैंसों को लोड किया गया था। पुलिस ने दोनों ट्रक के चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक संख्या डब्ल्यूबी 472226 में 27 मवेशी और डब्ल्यूबी 25 9589 में 25 मवेशी लोड थे। मवेशियों को बंगाल के पुरुलिया से पोठिया की ओर ले जाया जा रहा था। जांच में पाया गया की मवेशियों को अमानवीय और क्रूर तरीके से ट्रक में ठूंस ठूंस कर क्षमता से अधिक भरा गया था, जिससे मवेशियों की जान भी जा सकती थी। कई मवेशी घायल हालत में थे और उन्हें ठीक से सांस लेने की जगह तक नहीं मिल रही थी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों ट्रकों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सबडिविजिनल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) गौतम कुमार ने कहा कि तेघरिया से मवेशी जप्त किया गया है।पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करवाई जा रही है।आगे जांच की जा रही है।

बजरंग दल के जिला संयोजक सुनील तिवारी ने बताया कि सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से मवेशियों को बिहार के पोठिया की ओर ले जाया जा है। सूचना मिलते ही कार्यकर्ता तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों ट्रकों को रुकवाकर पुलिस को सूचना दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित