किशनगंज , फरवरी 08 -- बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि आने वाले समय के लिये युवाओं को स्वयं को तैयार करना बेहद जरूरी है, क्योंकि देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का जो सपना देखा है, उसमें वर्तमान पीढ़ी का सबसे बड़ा योगदान होगा। राज्यपाल ने महिलाओं की प्रगति का उल्लेख करते हुये कहा कि आज महिलायें हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और बच्चियां फाइटर प्लेन तक उड़ा रही हैं।
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान रविवार को किशनगंज स्थित इमाम बुखारी विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान छात्र- छात्राओं को संबोधित कर रहे थे।
समारोह को संबोधित करते हुये उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने राज्यपाल का किशनगंज की धरती पर स्वागत किया और कहा कि किशनगंज एवं सीमांचल क्षेत्र अब शिक्षा के विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने बताया कि जिले में कई प्रमुख सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। मंत्री ने घोषणा की कि आने वाले तीन महीनों में पूरे बिहार में यदि किसी सड़क पर गड्ढा पाया गया, तो संबंधित इंजीनियर और संवेदक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने महिला शिक्षा के महत्व पर भी बल दिया।
ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री सड़क निर्माण योजना के तहत सीमांचल क्षेत्र में सर्वाधिक सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने मानवता की सेवा को सर्वोच्च सेवा बताते हुये कहा कि बिहार के उन क्षेत्रों में, जहां मुस्लिम आबादी अधिक है, वहां शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक विकास की आवश्यकता है।
इस अवसर पर किशनगंज के विधायक कमरूल हुदा और तौहीद एजुकेशनल ट्रस्ट के अध्यक्ष मौलाना मतीउर रहमान ने भी समारोह को संबोधित किया।
कार्यक्रम में जामिया हमदर्द विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अफसार आलम, इमाम बुखारी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मोहम्मद इस्तियाक, जिलाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित