जगदलपुर , नवम्बर 08 -- छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने शनिवार को बस्तर में ग्राम धोबीगुड़ा (पोस्ट आसना) स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में शहीद देवेन्द्र कुमार सेठिया की प्रतिमा का अनावरण किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने शहीद की शहादत को नमन करते हुए कहा कि देवेन्द्र कुमार जैसे वीर जवानों का बलिदान बस्तर के युवाओं को माओवाद के खात्मे के लिए सतत प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने अपने संबोधन में ''सेठिया परिवार द्वारा प्रतिमा स्थापित करने की यह पहल केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि बस्तर के हर नवजवान के लिए प्रेरणा का प्रतीक है। शहीद देवेन्द्र की प्रतिमा हमें नक्सलमुक्त बस्तर, सुख-शांति और सर्वांगीण विकास के संकल्प की याद दिलाती रहेगी। जिन वीर सपूतों ने अपना जीवन बलिदान किया है, उनकी बदौलत आज छत्तीसगढ़ शांति और प्रगति के पथ पर अग्रसर है।''शहीद देवेन्द्र कुमार सेठिया का जन्म 08 नवम्बर 1992 को ग्राम धोबीगुड़ा में हुआ था। वह स्व. महेशराम और श्रीमती दयमती सेठिया के पुत्र थे। उन्होंने 12 सितम्बर 2013 को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में सिपाही (जीडी) पद पर ग्रुप केंद्र बिलासपुर में भर्ती होकर देश सेवा की शुरुआत की। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद वे क्रमशः 222, 175 और 196 बटालियन में पदस्थ रहे।

19 अप्रैल 2024 को बीजापुर जिले के ऊसूर थाना क्षेत्र के गलगम इलाके में माओवादियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में वे वीरगति को प्राप्त हुए। उनकी स्मृति को अमर बनाए रखने के लिए परिवारजनों ने उनकी जन्मतिथि पर 08 नवम्बर 2025 को प्रतिमा स्थापना की।

कार्यक्रम में बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, शहीद की माता श्रीमती दयमती सेठिया, बहन पिंकी सेठिया, भाई योगेन्द्र सेठिया, डीआईजी रेंज जगदलपुर एस. अरुण कुमार, डीआईजी सीआरपीएफ एन.के. सिंह, जितेंद्र कुमार, शलभ कुमार सिन्हा, जनपद अध्यक्ष सोनवारी भद्रे, उपाध्यक्ष तरुण पांडे, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम जोशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष धनुर्जय कश्यप, गजानंद दास, सरपंच संतोष कश्यप और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित