मुंबई, मार्च 14 -- दिवंगत फिल्मकार वी. शांताराम के पुत्र किरण शांताराम अपने पिता की बायोपिक के लिए सिद्धांत चतुर्वेदी को परफेक्ट चॉइस बताया है।
भारतीय सिनेमा की विरासत को समर्पित एक खास पल और ख़ास बन गया, जब वी. शांताराम के पुत्र किरण शांताराम ने एक कार्यक्रम में सिद्धांत चतुर्वेदी को सम्मानित करते हुए उन्हें अपने पिता वी. शांताराम के बायोपिक के लिए बिलकुल सही चुनाव बताया।
कार्यक्रम में दर्शकों को संबोधित करते हुए किरण शांताराम ने बताया कि उनके पिता की महान सिनेमाई विरासत को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से बनाई जा रही यह फिल्म उनके लिए इसलिए भी बेहद ख़ास है क्योंकि यह फिल्म उनकी 125वीं जयंती 18 नवंबर 2026 को रिलीज़ हो रही है। उन्होंने बताया कि वी. शांताराम उन अग्रणी फिल्मकारों में से एक हैं, जिन्होंने भारतीय सिनेमा को मूक फिल्मों के दौर से लेकर साउंड और रंगीन फिल्मों के युग तक नई दिशा दी।
किरण शांताराम ने सिद्धांत चतुर्वेदी पर पूरा भरोसा जताते हुए यह भी कहा कि उन्हें ख़ुशी है कि उनके पिता के किरदार को सिद्धांत चतुर्वेदी जैसे मंझे हुए कलाकार निभा रहे हैं, जो उनके पिता वी. शांताराम की जीवनी के साथ पूरा न्याय करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित