रूद्रपुर , अप्रैल 16 -- उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किच्छा में निर्माणाधीन सैटेलाइट एम्स का निर्माण कार्य 30 जुलाई तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिये है।

श्री आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को 351 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 280 बेड के इस अत्याधुनिक अस्पताल का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि श्रमिकों और मशीनरी की संख्या बढ़ाकर कार्य में गति लाई जाए ताकि अस्पताल भवन का निर्माण जुलाई तक पूरा कर लिया जाए और अगस्त माह से ओपीडी सेवाएं शुरू की जा सकें। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सालय भवनों को पूरा करने पर जोर दिया।

केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के अभियंता उत्पल त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल का मुख्य निर्माण कार्य 30 जुलाई तक पूर्ण कर लिया जाएगा। आवासीय भवनों का कार्य 85 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है और इसे जल्द समाप्त कर लिया जाएगा। अस्पताल परिसर की सड़कों का निर्माण भी मई तक पूरा कर लिया जाएगा जबकि जून में पौधरोपण किया जाएगा।

इस सैटेलाइट एम्स में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें 250 बेड, 10 ऑपरेशन थिएटर, 30 आईसीयू बेड, डायग्नोस्टिक लैब सहित कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स और इमरजेंसी-ट्रॉमा सेवाएं शामिल हैं। साथ ही मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए सराय और शॉपिंग कॉम्पलेक्स भी बनाए जा रहे हैं।

एम्स ऋषिकेश की निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने बताया कि यदि निर्माण कार्य समय पर पूर्ण हो जाता है, तो अगस्त से ओपीडी सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य सचिव और अधिकारियों ने परिसर में पौधरोपण भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित