कौशांबी , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में एक किशोरी द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने शनिवार को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में उसके प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कोखराज थाना क्षेत्र के फकीर बक्स का पुरवा गांव की एक नाबालिग बालिका का पड़ोसी गांव बरीपुर के युवक सुरेंद्र गौतम से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच काफी नजदीकी संबंध बन गए थे, लेकिन कुछ समय से युवक ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी। जब किशोरी ने युवक पर शादी का दबाव बनाया तो उसने कथित रूप से उससे कहा कि अगर वह सच में उससे प्यार करती है तो फांसी लगाकर दिखाए। इसी बात से आहत होकर 13 मार्च को किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना के बाद बालिका की मां ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित