कासगंज , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सहावर थाना क्षेत्र के चहका गुनार गांव में मंगलवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान मार्ग अवरुद्ध किए जाने को लेकर दो पक्षों में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान पथराव और मारपीट की घटना में एक पुलिसकर्मी सहित कई लोग घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने बताया कि शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर अवरोध उत्पन्न किया गया था। पुलिस के हस्तक्षेप के दौरान कुछ लोगों ने पथराव और हमला कर दिया। घटना में एक पुलिसकर्मी समेत कई लोग घायल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि मामले में एक महिला सहित 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस बल की मौजूदगी में शोभायात्रा सकुशल संपन्न करा दी गई है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि जिले के 10 थाना क्षेत्रों में मंगलवार को लगभग 50 शोभायात्राएं निकाली गईं, जिनके लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित