वाराणसी , मार्च 13 -- भारतीय संस्कृति के सनातन मूल्यों और मातृशक्ति के जागरण के उद्देश्य से कार्यरत 'विश्वमांगल्य सभा' (काशी प्रांत) का प्रथम अधिवेशन 15 और 16 मार्च को महमूरगंज स्थित श्रृंगेरी मठ में आयोजित किया जाएगा।

शुक्रवार को महमूरगंज स्थित निवेदिता स्कूल में विश्वमांगल्य सभा, काशी प्रांत की अध्यक्ष आनंद प्रभा ने यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सभा भारतीय जीवनदृष्टि, संस्कारपरक पारिवारिक व्यवस्था तथा मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अधिवेशन में काशी प्रांत के विभिन्न जनपदों से कार्यकर्ता, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।

प्रथम दिन (15 मार्च) को उद्घाटन सत्र के साथ वैचारिक संगोष्ठी और संगठनात्मक बैठकें होंगी। इसमें मातृशक्ति की भूमिका और संगठन की भावी कार्ययोजना पर मंथन किया जाएगा। द्वितीय दिन (16 मार्च) को प्रातः 9 बजे महमूरगंज स्थित शिवाजी पार्क से श्रृंगेरी मठ तक भव्य 'नगर परिक्रमा' निकाली जाएगी। इस दौरान भारत की सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाती झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। साथ ही, नारी शक्ति और साहस के प्रतीक स्वरूप लाठी व तलवार संचालन का प्रदर्शन भी होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित