वाराणसी , अप्रैल 6 -- वाराणसी नगर निगम ने 15 जून तक शहर के सभी छोटे-बड़े नालों और सीवर लाइनों की सफाई का काम शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य रखा है। गर्मी में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा आगामी मानसून में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए निगम ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं।
इस अभियान को गति देने के लिए निगम ने ढाई करोड़ रुपये की लागत से एक और सुपर साकर मशीन खरीदने का फैसला किया है। इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। निगम ने बेहतर प्रबंधन के लिए नालों को तीन श्रेणियों (ए, बी और सी) में बाँट दिया है। 'ए' श्रेणी के नालों की सफाई मशीनों से की जाएगी, जबकि अस्सी, सुंदरपुर और साकेत नगर जैसे क्षेत्रों के नालों के लिए विशेष बड़ी मशीनों का उपयोग किया जाएगा। बड़े नालों की सफाई की जिम्मेदारी सामान्य अभियंत्रण विभाग को सौंपी गई है, जिसका लक्ष्य मई के अंत तक कार्य पूरा करना है।
नालों के साथ-साथ जेटिंग मशीनों से सीवर लाइनों की सफाई भी मानसून से पहले कराई जाएगी। नालों से गाद निकासी की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी जोनल अधिकारियों को दी गई है। विशेष रूप से गोदौलिया, सिगरा, पांडेयपुर और रविंद्रपुरी जैसे संवेदनशील इलाकों पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि बारिश के दौरान जनता को जलभराव से राहत मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित