वाराणसी , फरवरी 6 -- महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर इस वर्ष काशी और ब्रज के बीच धार्मिक-सांस्कृतिक आदान-प्रदान की एक नई परंपरा का शुभारंभ होने जा रहा है। मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थली से बाबा श्री काशी विश्वनाथ के लिए श्रृंगार एवं पूजन सामग्री भेंट स्वरूप भेजी जाएगी।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि उपहार शीघ्र ही विश्वनाथ धाम पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि गत वर्ष रंगभरी एकादशी पर काशी-मथुरा के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान की पहल की गई थी। इसी क्रम में पवित्र तीर्थ जल योजना के माध्यम से काशी-रामेश्वरम धाम के संबंधों को भी सुदृढ़ किया गया है।
इस वर्ष के नवाचार के तहत महाशिवरात्रि पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि से श्री काशी विश्वनाथ महादेव को भेंट प्रेषित की जाएगी, जबकि कृष्ण जन्माष्टमी पर काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर से लड्डू गोपाल को उपहार भेजा जाएगा। मंदिर न्यास के अनुसार यह पहल हरि-हर के आध्यात्मिक संबंध का प्रतीक है। सनातन परंपरा में भगवान विष्णु और भगवान शिव के संबंध को पूरक और अविच्छिन्न माना गया है।
न्यास ने इस पावन अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर न्यास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित