वाराणसी , मार्च 14 -- कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल रैली को लेकर वाराणसी के बंगीय समाज में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
पांडेय हवेली स्थित बंगाली टोला इंटर कॉलेज में समाज के सैकड़ों लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण सुना। इस दौरान उपस्थित महिला एवं पुरुषों ने आह्वान किया कि आगामी चुनावों की घोषणा होते ही वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री मोदी के 'मिशन बंगाल' के लिए चुनावी बिगुल फूंकेंगे।
सारबानी धारा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लिए जो कार्य किए हैं, वे अतुलनीय हैं। उनके सामने अब ममता बनर्जी का कोई भी दांव नहीं चलेगा, चाहे वह एलपीजी का मामला हो या अन्य कोई मुद्दा। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में वर्तमान शासन के दौरान लोग डरे हुए हैं। तनुश्री मुखर्जी ने कहा कि बनारस का पूरा बंगाली समाज प्रधानमंत्री मोदी के साथ मजबूती से खड़ा है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि बंगाल के नागरिकों को अब जागना होगा और ममता बनर्जी को सत्ता से बाहर करना होगा। वहीं, अनीता चौधरी ने बताया कि काशी की बंगाली महिलाएं पूरी तरह तैयार हैं। वे लगातार अपने रिश्तेदारों से संपर्क कर भाजपा के पक्ष में माहौल बना रही हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही निर्देश मिलेगा, वे सभी चुनाव प्रचार के लिए काशी से बंगाल कूच करेंगी।
बंगीय समाज, वाराणसी के अध्यक्ष देवाशीष दास ने बताया कि हमारे कई प्रतिनिधि पहले भी बंगाल जाकर प्रचार कर चुके हैं। इस बार बंगाल चुनाव में हमारी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। हमारा प्रयास होगा कि उत्तर प्रदेश और काशी के विकास की गाथा बंगाल के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित