वाराणसी , जनवरी 15 -- काशी एक्सप्रेस ट्रेन में बम होने की झूठी सूचना देकर सनसनी फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के सहायक पुलिस आयुक्त कुंवर प्रभात सिंह ने गुरुवार को बताया कि वाराणसी और मऊ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जीआरपी ने आरोपी राजेश शुक्ला को मुंबई से पकड़कर वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन लाया है। यह राजेश शुक्ला की तीसरी ऐसी हरकत है। इससे पहले वह दो बार इसी प्रकार की फर्जी बम धमकी दे चुका है और जेल भी जा चुका है।
श्री सिंह ने बताया कि आरोपी ने 18 नवंबर 2025 और 6 जनवरी 2026 को प्रयागराज कंट्रोल रूम पर फोन कर काशी एक्सप्रेस में बम रखे होने की झूठी सूचना दी थी। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियों ने ट्रेन को रोककर घंटों सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इससे यात्रियों को भारी असुविधा हुई।
राजेश शुक्ला मुंबई में एक अपार्टमेंट में वॉचमैन का काम करता था। पूछताछ में पता चला कि इससे पहले 2 जून 2025 को भी उसने इसी तरह की फर्जी बम सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जमानत पर रिहा होने के बाद वह मुंबई चला गया और फिर वही हरकत दोहराई।
पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी का लोकेशन ट्रैक किया। उसके पास से एक डायरी भी बरामद हुई, जिसमें प्रयागराज कंट्रोल रूम का नंबर नोट किया गया था। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह बार-बार ऐसी हरकत क्यों कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित