काशीपुर , मार्च 01 -- उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए और जन समूह के साथ होली खेली।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने बाल्यकाल की यादें साझा करते हुए कहा कि मुझे आज भी याद है कि मैं बचपन में होली का कितनी उत्सुकता से इंतजार किया करता था।
उन्होंने गांव की सामूहिक होली को याद करते हुए कहा कि यहां न ऊँच-नीच का भेद होता था और न ही छोटे-बड़े का अंतर। सब एक साथ, एक रंग में रंग जाते थे। ढोल-दमाऊँ, हुड़के और ढोलक की थाप पर होली के गीत शुरू होते थे तो पूरा वातावरण उमंग से से भरपूर हो जाता था। उन्होंने कहा कि आज इस महोत्सव में वही एकता, प्रेम और भाईचारा देखकर मेरा मन प्रफुल्लित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा विश्व भारत की प्राचीन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और जीवंत परंपराओं की ओर आकर्षित हो रहा है, तब ऐसे समय में हमारा दायित्व और भी अधिक बढ़ जाता है कि हम अपनी लोक संस्कृति को केवल उत्सव तक सीमित न रखें बल्कि उसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
उन्होंने युवाओं से कहा कि आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहें। अपने लोकगीतों, त्योहारों और परंपराओं को जानें, समझें और गर्व के साथ उन्हें आगे बढ़ाएँ। क्योंकि जो समाज अपनी संस्कृति को संजोकर चलता है, वही सच्चे अर्थों में मजबूत और समृद्ध बनता है।
श्री धामी ने कहा कि हमारी सरकार काशीपुर के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि विकास केवल कागज़ों तक सीमित न रहे बल्कि जमीन पर दिखाई दे और हर नागरिक को उसका लाभ मिले। इसी दिशा में काम करते हुए काशीपुर में 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है।
इसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है, जो आने वाले समय में युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करेगा। इसी प्रकार, काशीपुर, रामनगर राजमार्ग को चार लेन में उन्नत करने के लिए 494 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।
साथ ही 3 किलोमीटर लंबे मिनी बाईपास का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। इसके अलावा 4 करोड़ रुपए की लागत से सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय का निर्माण और 07 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से काशीपुर, हरिद्वार और ऋषिकेश में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की सुविधा शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि लगभग 1950 करोड़ रुपए की धनराशि से काशीपुर में पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसे महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि मूलभूत सुविधाओं के मामले में काशीपुर किसी भी अन्य क्षेत्र से पीछे न रहे।
रोजगार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 1100 करोड़ रुपए की औद्योगिक हब परियोजना तथा 100 करोड़ रुपए की अरोमा पार्क परियोजना पर भी कार्य चल रहा है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि शहर में बहुमंजिला पार्किंग और नए तहसील कार्यालय का निर्माण कार्य भी जारी है। इसके साथ-साथ, हमारी सरकार काशीपुर के चैती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़कर इसे एक प्रमुख सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए भी कार्य कर रही है।
इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, मेयर दीपक बाली, मेयर विकास शर्मा, समेत अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित