देहरादून , जनवरी 15 -- उत्तराखंड के उधमसिंह नगर में पिछले दिनों सामने आए किसान आत्महत्या प्रकरण की जांच के लिए पुलिस महानिरीक्षक (एसटीएफ) नीलेश आनन्द भरणे की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है।
पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता आईपीएस सुनील कुमार मीणा ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में संबंधित प्रभारी सहित सभी 12 पुलिस कर्मियों को गढ़वाल परिक्षेत्र के रूद्रप्रयाग और चमोली स्थानांतरित कर दिया गया है। इन कर्मियों को पहले ही निलम्बित किया जा चुका है।
यह नवगठित एसआईटी थाना आईटीआई अंतर्गत ग्राम पेंगा निवासी किसान सुखवन्त सिंह के 10/11 जनवरी की रात्रि काठगोदाम, हल्द्वानी में आत्महत्या किये जाने के प्रकरण में जांच करेगी। इसमें श्री भरणे के अलावा, सदस्य के रूप में पुलिस अधीक्षक, चम्पावत अजय गणपति, क्षेत्राधिकारी टनकपुर वन्दना वर्मा, निरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट, एवं उपनिरीक्षक मनीष खत्री हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित