कृष्ण मृग वन क्षेत्र में काले हिरणों को दौड़ाने के आरोप में तीन गिरफ्तारअपराध हिरण गिरफ्तारप्रयागराज , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के मेजा स्थित कृष्ण मृग वन क्षेत्र, चांद खंभरिया रेंज में काले हिरणों को दौड़ाने के आरोप में वन विभाग ने बुधवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया। वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को एक काली स्कॉर्पियो वाहन के साथ रंगे हाथों पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों में दुर्गेश पांडे, सुनील पटेल और अमित मिश्र शामिल हैं। वन विभाग के अनुसार आरोपी बिना किसी वैध अनुमति के प्रतिबंधित वन क्षेत्र में घुसे थे और काले हिरणों का शिकार करने तथा उन्हें कुचलने की नीयत से वाहन से दौड़ा रहे थे।
वन क्षेत्राधिकारी मेजा अजय सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों को पकड़ लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वन रक्षक श्याम प्रकाश तिवारी, देवेश पांडे, आशुतोष सिंह और आदर्श त्रिपाठी भी शामिल रहे। घटना में प्रयुक्त काली स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है।
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2/9/51 तथा भारतीय वन अधिनियम की धारा 26/52 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मेडिकल परीक्षण के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। विभाग ने चेतावनी दी है कि वन क्षेत्र में शिकार या अन्य अवैध गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित