भरतपुर , फरवरी 03 -- राजस्थान में करौली के सपोटरा थाना क्षेत्र में पटपरी गांव के पास कालीसिल बांध में लापता एक अधेड़ व्यक्ति का मंगलवार सुबह तक कोई सुराग नहीं लग सका।

सोमवार देर शाम बांध के किनारे हरिमोहन मीणा के कपड़े और मोबाइल फोन मिला। उसके बाद प्रशासनिक अमला और आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचा और गोताखोरों की मदद से बांध में उसकी तलाश शुरु की।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बांध क्षेत्र में लापता अधेड़ के पैरों के निशान भी मिले हैं। जलाशय में मगरमच्छों की मौजूदगी के कारण बचाव दल अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीमित क्षेत्र में ही उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस परिजनों और आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ कर रही है ताकि लापता व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित