नैनीताल , अप्रैल 01 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के कालाढूंगी में कार सवार युवक को ट्रैक्टर से रौंदने की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना बीती रात 31 मार्च को चकलुवा क्षेत्र की है, जहां लच्छमपुर निवासी हिमांशु देऊपा अपनी नई कार से ढाबे पर खाना खाने पहुंचा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते प्रवीण सिंह देऊपा ने ट्रैक्टर से उसकी कार को जानबूझकर ट्रैक्टर से की बार टक्कर मारकर जानलेवा हमला कर किया।

हमले में हिमांशु और उसका साथी घायल हो गए, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर कालाढूंगी थाना में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई। सीसीटीवी व सर्विलांस की मदद से आरोपी को आज नैनीताल मार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर और 315 बोर का तमंचा भी बरामद हुआ है। अवैध हथियार रखने के मामले में आरोपी के खिलाफ अलग से शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच खनन सामग्री को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

एसएसपी ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाएगी और ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित