श्रीगंगानगर , जनवरी 15 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक नौसिखिया कार चालक ने दो बिजली के खंभों में टक्कर मारते हुए दो कारों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस सूत्रों बताया कि सेतिया कॉलोनी की मेन रोड-बेगाराम स्ट्रीट पर तड़के करीब ढाई बजे हुए इस हादसे में बिजली के दो खंभे गिर गये जिससे आसपास के क्षेत्र में बिजली गुल हो गयी। इस घटना में कार चला रहा विक्रम (21) घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि क्षतिग्रस्त हुई काले रंग की पंजाब नंबर वाली कार विक्रम की बहन चलाती है। विक्रम को पूरी तरह से कार चलानी नहीं आती। उसने गली में खड़ी कार को पास के नोहरे (बाड़े) में खड़ा करने का प्रयास किया। चाबी लेकर जैसे ही वह कार चलाते हुए मुख्य मार्ग आया गलती से ब्रेक की बजाय एक्सीलेटर पर पैर पड़ गया, जिससे कार की गति बढ़ गई और वह नियंत्रण से बाहर हो गई। इसके बाद कार बिजली के एक खंभे से टकराते हुए सड़क किनारे खड़ी एक कार से जा टकराई। वहां भी कार नहीं रुकी और एक घर की बाहरी दीवार से टकराई। कार की टक्कर से बिजला का खंभा गिरकर वहां खड़ी दो कारों आ गिरा। इससे वे दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गयी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
पुलिस घटना की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित